अपर कलेक्टर जे.पी. यादव ने किया मतदान केंद्रों, पंजीयन कार्यों और सीनियर आदिवासी छात्रावास का निरीक्षण

Listen to this article

✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक

जनपथ टुडे डिंडोरी 09 अक्टूबर:- अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जे.पी. यादव ने शुक्रवार को जिले में मतदाता सूची अद्यतन करने के साथ-साथ धान उपार्जन और स्वामित्व योजना के अंतर्गत पंजीयन कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्र क्रमांक 71, 72 एवं 73 का स्थल निरीक्षण कर नए व पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया का जायजा लिया। अपर कलेक्टर ने बीएलओ और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी पात्र एवं नवीन मतदाताओं के नाम समय-सीमा में जोड़ना सुनिश्चित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और मतदाता सूची को पूरी तरह से त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाया जाए।

धान एवं स्वामित्व योजना पंजीयन की समीक्षा

इसके उपरांत यादव ने ग्राम मडियारास पहुंचकर धान पंजीयन और स्वामित्व योजना के तहत जारी पंजीयन कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने अधिकारियों से किसान पंजीयन एवं हितग्राहियों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण समय पर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी किसान या हितग्राही को पंजीयन कराने में असुविधा का सामना न करना पड़े।

सीनियर आदिवासी छात्रावास का औचक निरीक्षण

निरीक्षण की कड़ी में अपर कलेक्टर ने ग्राम मडियारास स्थित सीनियर आदिवासी छात्रावास का भी जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास में छात्रों के लिए उपलब्ध आवासीय व्यवस्थाओं, पेयजल, भोजन और परिसर की साफ-सफाई की स्थिति का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने छात्रावास प्रबंधन को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए और परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखी जाए।

निरीक्षण के अंत में अपर कलेक्टर जे.पी. यादव ने अधिकारियों को शासन की सभी प्राथमिकता वाली योजनाओं और कार्यों की सतत निगरानी करते हुए उन्हें समय-सीमा में और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के कड़े निर्देश जारी किए।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000