
मुंबई और दिल्ली के बीच बंद हो सकती है ट्रेन और प्लेन सेवा
कोरोना इफेक्ट्स
जनपथ टुडे, मुंबई, 21 नवंबर 2020, देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर महाराष्ट्र सरकार मुंबई दिल्ली के बीच ट्रेन व विमान सेवा बंद करने का विचार कर रही है। कोरोना की दूसरी लहर को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। राज्य के मुख्य सचिव संजय कुमार ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि दीपावली के बाद सूबे में कोरोना संक्रमितो की संख्या लगातार बढ़ रही है। दिल्ली में कोरोना की वजह से हालत बिगड़ने लगे हैं।
संजय कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रशासन को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार दिल्ली मुंबई के बीच विमान व ट्रेन सेवा को बंद करने पर विचार कर रही है, लेकिन अभी तक अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंची है। राज्य शासन में संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शिक्षा मंत्री ने स्थानीय स्कूलों के बारे में निर्णय लेने का आदेश जारी किया है, इसके तहत नगर निगम आयुक्त ने मुंबई में स्कूल बंद रखने के आदेश जारी कर दिए हैं। नगर निगम को पूरी तरह तैयार रखा गया है।
दिल्ली से मुंबई प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना जाना है और दिल्ली में कोरोना का व्यापक प्रभाव देखते हुए मुंबई सरकार चिंतित है और प्रदेश के मुख्य सचिव ने पत्रकारों के सामने इस बात का खुलासा कर यह संकेत दे दिए है की सरकार दिल्ली से सीधे मुंबई की यात्री सेवाओं को बंद किए जाने पर भी गंभीरता से विचार कर रही है। आगे दिल्ली की स्थितियां और इससे मुंबई पर पड़ने वाले असर को देखते हुए दिल्ली मुंबई रेल और विमान सेवाएं बन्द या फिर सीमित की जा सकती है। सरकार ने संकेत देकर आम लोगों को भी इस स्थिति से सतर्क कर दिया है ताकि जिन लोगों को अत्यधिक आवश्यक हो वे पहले से अपने विकल्प तय कर सके और अचानक निर्णय लिए जाने से लोगों को बड़ी परेशानी का सामना न करना पड़े।