
अवैध शराब बिक्री को लेकर गोंगपा ने खोला मोर्चा – बजाग थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन

बजाग थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
*संपादक प्रकाश मिश्रा*
*जनपथ टुडे डिंडोरी 26 फरवरी 2026* आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र डिंडौरी जिले में अवैध शराब बिक्री को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बजाग थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए अवैध शराब की सप्लाई पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की।
*सामाजिक ताने बाने के लिए खतरा अवैध शराब*
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जिले में शहपुरा, समनापुर, गाडासरई और करंजिया में कुल चार शराब दुकानें अधिकृत रूप से संचालित हैं। इसके बावजूद आरोप है कि शराब ठेकेदारों द्वारा बड़े पैमाने पर गांव-गांव अवैध रूप से शराब पहुंचाई जा रही है। संगठन का कहना है कि यह स्थिति सामाजिक ताने-बाने के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।
*आसानी से उपलब्ध शराब ,नशे की गिरफ्त में आ रहे युवा*
पार्टी नेताओं ने ज्ञापन में कहा कि अवैध शराब की आसान उपलब्धता के कारण युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आ रहा है। इसके चलते परिवारों में विवाद, मारपीट, आपसी झगड़े और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक अस्थिरता और असुरक्षा का माहौल बन रहा है, जिससे आमजन में आक्रोश व्याप्त है।
*सांठगांठ के कारण नहीं लग रहा अवैध कारोबार पर अंकुश*
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने आरोप लगाया कि इस संबंध में पूर्व में कई बार जिला प्रशासन को शिकायतें की गईं, लेकिन पुलिस प्रशासन एवं आबकारी विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ज्ञापन में विभाग और ठेकेदारों के बीच कथित सांठगांठ की आशंका भी व्यक्त की गई है, जिसके कारण अवैध कारोबार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
*तो संगठन के कार्यकर्ता करेंगे जिले के प्रत्येक गांव में पहरेदारी*
पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आबकारी विभाग अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने में विफल रहता है तो समाज एवं संगठन के कार्यकर्ता स्वयं जिले के प्रत्येक गांव में पहरेदारी कर अवैध बिक्री रोकने का प्रयास करेंगे। साथ ही स्पष्ट किया गया कि यदि इस दौरान ठेकेदार या उनके कर्मचारियों द्वारा किसी प्रकार का विवाद, मारपीट या झूठे प्रकरण दर्ज कराने का प्रयास किया जाता है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।


