प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती शशिकांता वैश्य के मुख्याआथित्य में संपन्न हुआ वृहद विधिक जागरूकता शिविर 

Listen to this article

संपादक प्रकाश मिश्रा 

जनपथ टुडे डिण्डौरी, 28 मार्च 2026 — जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डिण्डौरी द्वारा कलेक्टर कार्यालय स्थित ऑडिटोरियम हॉल में “मेगा लीगल आउटरीच एंड अवेयरनेस कैंप” का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शशिकांता वैश्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आशीष कुमार केशरवानी के मार्गदर्शन में किया गया।

शिविर में सुदूर ग्रामीण अंचलों से आए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों की सहभागिता रही। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए घरेलू हिंसा से संरक्षण, भरण-पोषण, श्रमिक अधिकार, मानव तस्करी से संरक्षण, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार एवं दिव्यांगजन हितों से संबंधित प्रावधानों की जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में सचिव आशीष कुमार केशरवानी द्वारा अपराध पीड़ित प्रतिकार योजना अंतर्गत प्रदत्त सहायता एवं विधिक उपायों की जानकारी दी गई। कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश एम.एल. राठौर ने निःशुल्क विधिक सहायता एवं मीडिएशन के संबंध में जानकारी दी। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गिरजेश कुमार सनोड़िया द्वारा बाल विवाह निषेध, पॉक्सो अधिनियम एवं मोटर यान अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी श्याम सिंगौर द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष यू.के. पटेरिया सहित अधिवक्ताओं एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्यों द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी गई।

शिविर में लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा हितग्राहियों को स्वरोजगार हेतु ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही अग्निवीर योजना अंतर्गत आवेदन भी प्राप्त किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपस्थित जनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी, पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्तागण, पैरालीगल वालंटियर एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ऋषि पाण्डेय द्वारा किया गया। अंत में सचिव  आशीष कुमार केशरवानी द्वारा उपस्थित सभी के प्रति आभार व्यक्त किया ।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000