
राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 31 पटवारियों का हुआ सम्मान

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 31 पटवारियों को किया गया सम्मानित
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 4 अप्रैल 2026 – डिंडोरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने शनिवार को कलेक्ट्रेट ऑडिटोरियम में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न राजस्व संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डिंडोरी, शहपुरा एवं बजाग तहसीलों के कुल 31 पटवारियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बैठक में अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीएम डिंडोरी राम बाबू देवांगन, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम बजाग अक्षय डिगरसे, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं पटवारी उपस्थित रहे।
भू-अर्जन एवं मुआवजा वितरण सहित इन विषयों की हुई समीक्षा
कलेक्टर ने आरसीएमएस, नामांतरण, बटवारा, सीमांकन, अभिलेख सुधार, राजस्व वसूली, फार्मर रजिस्ट्री, आरओआर ई-केवाईसी, पीएम किसान ई-केवाईसी, वनग्राम से राजस्व ग्राम में रूपांतरण, नगरीय क्षेत्र में भू-धारणा अधिकार, शासकीय भूमि आवंटन, लंबित राजस्व प्रकरण, चरणोई भूमि से अतिक्रमण हटाने, सीएम हेल्पलाइन, पीएम फसल बीमा, लघु सिंचाई संगणना, जनगणना 2027, साइबर तहसील, भू-अर्जन एवं मुआवजा वितरण सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की।
प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन
डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक ने बताया कि जिले ने राजस्व कार्यों में बेहतर प्रदर्शन किया है। नामांतरण में 6वां, बटवारा में 8वां, सीएम हेल्पलाइन में 3रा एवं राजस्व संग्रहण में 12वां स्थान प्राप्त किया है। ओवरऑल जिले का स्थान प्रदेश में शीर्ष श्रेणी में रहा है। राजस्व संग्रहण का लक्ष्य 4 करोड़ रुपए निर्धारित था, जिसके विरुद्ध 2 करोड़ 72 लाख रुपए की वसूली कर 65 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया है।
कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश- वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों को दें प्राथमिकता
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने संबोधित करते हुए कहा कि पटवारी, राजस्व निरीक्षक एवं नायब तहसीलदार अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करें। उन्होंने निर्देश दिए कि पंचायत भवनों में ग्रामीणों के साथ बैठकर समस्याओं का समाधान किया जाए तथा गांवों में जल समस्या के निराकरण में सक्रिय भूमिका निभाई जाए। उन्होंने स्कूल, आंगनबाड़ी एवं पंचायत भवनों में जल संरक्षण हेतु वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि इच्छाशक्ति और लगन के साथ कार्य करने पर बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
बैठक में राजस्व कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



