
शहपुरा में आयोजित हुआ भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम – 200 जोड़े बंधे विवाह के बंधन में
शहपुरा में आयोजित हुआ भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम – 200 जोड़े बंधे विवाह के बंधन में
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 12 मई 2026:- डिंडोरी जिले के शहपुरा स्थित रानी दुर्गावती स्टेडियम में मध्य प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री कन्या विवाह निकाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 जोड़े विवाह बंधन में बंधे और एक साथ नए जीवन की शुरुआत की। इस आयोजन में बड़ी संख्या में वर-वधु पक्ष के परिजन भी शामिल हुए, जिनके लिए जिला प्रशासन द्वारा बैठने और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी।
इनकी रही उपस्थिति विशेष
कार्यक्रम में फग्गन सिंह कुलस्ते सांसद, ओमप्रकाश धुर्वे विधायक सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं केबिनेट मंत्री संपतिया उइके की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
गरीबी रेखा के राशन कार्ड में दर्ज परिवारों को मिलेगा लाभ
जानकारी के अनुसार इस बार योजना के नियमों में संशोधन किया गया है। अब केवल वे परिवार ही इस योजना का लाभ ले सकेंगे, जिनका नाम गरीबी रेखा के राशन कार्ड में दर्ज है। सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग देना है।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने दिया नव विवाहित जोड़ों को उपहार
सामूहिक विवाह समारोह में नवविवाहित जोड़ों को शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे द्वारा उपहार स्वरूप दो चांदी की अंगूठियां, छह जोड़ी कपड़े और एक कांसे की थाली भेंट की गई। जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।
आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया।




