
आबकारी विभाग ने पकड़ी अवैध शराब – 3 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 13 मई,2026- कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार एवं आबकारी अधिकारी बैधनाथ वासनिक के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में 11 एवं 12 मई 2026 को आबकारी विभाग वृत्त डिंडौरी द्वारा अवैध शराब रखने एवं बिक्री संबंधी प्राप्त शिकायतों के आधार पर दबिश देकर कार्यवाही की गई।
कार्यवाही के दौरान भजन सिंह पारासर पिता जनकु सिंह निवासी वार्ड क्रमांक 15 डिंडोरी के पास से एक थैले में 16 पाव रॉयल सिलेक्ट व्हिस्की विदेशी मदिरा बरामद की गई। वहीं फग्गन सिंह राठौर पिता माधव सिंह निवासी खिरसारी के कब्जे से 18 पाव देसी मदिरा जब्त की गई।
इसी प्रकार विशाल भट्ट पिता स्व. लक्ष्मण भट्ट निवासी वार्ड क्रमांक 2 डिंडोरी के पास से 20 पाव गोवा रम, 14 पाव रॉयल सिलेक्ट व्हिस्की विदेशी मदिरा एवं 10 पाव देसी प्लेन मदिरा बरामद की गई।
कार्यवाही में कुल 50 पाव विदेशी मदिरा एवं 28 पाव देसी प्लेन मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 8 हजार 600 रुपये बताई गई है।
उक्त सभी प्रकरणों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) ‘क’ के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
कार्यवाही के दौरान उप निरीक्षक सम्हर सिंह धुर्वे, प्रहलाद सिंह चैहान, आबकारी आरक्षक राम भरोस ठाकुर, छिद्दी लाल झारिया, मनीष उइके, श्रीमती करिश्मा सलामे, नगर सैनिक श्रीमती कोता बाई, तोक सिंह मरावी, वाहन चालक सुरेन्द्र सिंह ठाकुर एवं कुलदीप उइके द्वारा की गई।


