
ऊर्जा संरक्षण की खास पहल – साइकिल और ई-स्कूटी से कार्यालय पहुंचे अधिकारी, दिया ऊर्जा संरक्षण का संदेश
ऊर्जा संरक्षण की खास पहल – साइकिल और ई-स्कूटी से कार्यालय पहुंचे अधिकारी, दिया ऊर्जा संरक्षण का संदेश
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 15 मई,2026- भारत सरकार के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले में पेट्रोल-डीजल बचत एवं ऊर्जा संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा अभिनव पहल की जा रही है। जारी निर्देशों के पालन में आज प्रशासनिक अधिकारियों ने वैकल्पिक परिवहन अपनाकर प्रेरणादायी संदेश दिया।

अपर कलेक्टर जेपी यादव साइकिल से कार्यालय पहुंचे, जबकि एसडीएम डिंडोरी रामबाबू देवांगन इलेक्ट्रिक स्कूटी से कार्यालय आए। इन अधिकारियों ने ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आमजन से भी वैकल्पिक परिवहन साधनों को अपनाने की अपील की।
शासकीय वाहनों का उपयोग केवल शासकीय कार्यों तक सीमित रहे
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया द्वारा जारी निर्देशों में शासकीय वाहनों का उपयोग केवल शासकीय कार्यों तक सीमित रखने, अनावश्यक वाहन संचालन पर रोक लगाने तथा एक ही दिशा में जाने वाले अधिकारियों के लिए वाहन साझा प्रणाली अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कम दूरी के कार्यों हेतु पैदल, साइकिल एवं ई-वाहनों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठकों को बढ़ावा देने, शासकीय वाहनों की नियमित सर्विसिंग, टायर प्रेशर परीक्षण तथा प्रतीक्षा के दौरान वाहनों का इंजन बंद रखने जैसे उपाय भी लागू किए जा रहे हैं, जिससे ईंधन दक्षता बनाए रखी जा सके।
इसके अलावा कार्यालयों में डिजिटल फाइलिंग, ई-ऑफिस एवं ऑनलाइन संवाद प्रणाली के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए गए हैं। जन-जागरूकता के उद्देश्य से “ईंधन बचाओ-पर्यावरण बचाओ” अभियान चलाकर विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में ऊर्जा संरक्षण संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। सभी अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक छोटे-छोटे प्रयासों से पेट्रोल-डीजल की बचत कर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।



