
आवारा सांडों का संघर्ष, दुकानों मकानों को नुकसान व्यापारी और आम नागरिक परेशान, प्रशासन बना मूक दर्शक, वार्ड नंबर 4 सब्जी मंडी एरिया का मामला

आवारा सांडों का संघर्ष, दुकानों मकानों को नुकसान व्यापारी और आम नागरिक परेशान
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 18 मई 2026-वार्ड नंबर 4 के सब्जी मंडी क्षेत्र में आवारा सांडों के बीच लगातार हो रहे संघर्ष से दुकानदारों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सांडों की लड़ाई के दौरान कई बार दुकानों के सामान, ठेलों और मकानों को नुकसान पहुंच चुका है। क्षेत्र में भय और अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि आवारा पशु दिनभर मंडी क्षेत्र में घूमते रहते हैं और अचानक आपस में भिड़ जाते हैं, जिससे राहगीरों और ग्राहकों की जान पर भी खतरा बना रहता है। कई लोगों ने प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
नागरिकों का आरोप है कि प्रशासन स्थिति से अवगत होने के बावजूद मूक दर्शक बना हुआ है। लोगों ने नगर परिषद एवं संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द आवारा पशुओं को पकड़कर उचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
सब्जी मंडी अन्यत्र हो स्थापित
विगत लंबे समय से वार्ड नंबर 4 सहित आसपास के रिहाइसी इलाकों में रहने वाले लोगों ने प्रशासन से सब्जी मंडी को अन्यत्र स्थापित करने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि सब्जी मंडी से निकलने वाला कचरा और उसकी दुर्गंध से जीना मुश्किल हो गया है। आए दिन विवाद की स्थिति निर्मित होती है। दोनों तरफ सड़क जाम हो जाते हैं जिसके कारण आम नागरिकों के अलावा स्कूली छात्र-छात्राओं को भी असुविधा हो रही है।


