
डिंडौरी जनसुनवाई: कलेक्टर के तेवर सख्त, 75 आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
उपसंपादक मोहम्मद साहिब
जनपथ टुडे डिंडोरी 19 मई 2026:— जिले में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित जनसुनवाई में आज प्रशासन का संवेदनशील चेहरा देखने को मिला। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस शिविर में जिले के सुदूर अंचलों से आए ग्रामीणों ने अपनी व्यथा सुनाई। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने एक-एक आवेदन को स्वयं पढ़ा और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर निराकरण के सख्त निर्देश दिए। आज की सुनवाई में कुल 75 आवेदन दर्ज किए गए।
तत्काल राहत बनी चर्चा का विषय
जनसुनवाई की सबसे बड़ी विशेषता मौके पर ही समस्याओं का निस्तारण रही। तूफान से अपना घर गंवा चुकीं श्रीमती द्रोपती बाई की पीड़ा को समझते हुए कलेक्टर ने तत्काल ‘आदिवासी संकटापन मद’ से 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर की। वहीं, वृद्धावस्था पेंशन और ई-केवाईसी की उलझनों में फंसे ग्रामीणों की समस्या का समाधान भी मौके पर ही विभागीय अधिकारियों से करवाकर उन्हें राहत पहुंचाई गई।
मानवीय संवेदनाओं को मिली प्राथमिकता
सुनवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने न केवल कागजी समस्याओं को देखा, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के प्रति भी तत्परता दिखाई। 75 वर्षीय श्रीमती चैती बाई ने बताया कि पुत्र एवं बहू के निधन के बाद पोता पोतियों के पालन-पोषण और शिक्षा की जिम्मेदारी उन पर है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को बच्चों को अनाथ छात्रवृत्ति एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विभागीय अधिकारियों को दी ‘डेडलाइन’
जनसुनवाई में पेयजल, अधूरे निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना और फसल मुआवजे जैसे महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से उठे। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दिव्यांग सत्कार झारिया को मोटर ट्राइसाइकिल दिलाने के लिए सामाजिक न्याय विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक, डीपीसी श्रीमती श्वेता अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


