
नवागत एसपी आशीष खरे ने ली जनरल परेड, पुलिस बल को दिए अनुशासन और जनसेवा के निर्देश
✍️ उपसंपादक मोहम्मद साहिब
जनपथ टुडे डिंडोरी 22 मई:— जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक आशीष खरे पदभार ग्रहण करने के उपरांत आज पुलिस लाइन में आयोजित जनरल परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की कार्यप्रणाली, अनुशासन और मुस्तैदी का जायजा लिया।
परेड में दिखा अनुशासित पुलिस बल
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने परेड का निरीक्षण करते हुए उपस्थित पुलिस बल की सज्जा, अनुशासन और उनके कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बल को पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए प्रत्येक जवान का कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करना अनिवार्य है।

वाहनों और सुरक्षा व्यवस्था की ली जानकारी
जनरल परेड के पश्चात, एसपी खरे ने पुलिस लाइन में मौजूद शासकीय वाहनों का निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की वर्तमान स्थिति, उनके रखरखाव और उपयोगिता की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। पुलिस अधीक्षक ने सभी वाहनों के नियमित संधारण और आपात स्थिति के लिए तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड द्वारा दी गई सलामी का निरीक्षण कर उन्होंने जवानों की कार्यकुशलता और सतर्कता की सराहना की।

अधिकारी रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इसमें प्रमुख रूप से एसडीओपी बजाग विवेक गौतम, थाना प्रभारी यातायात सुभाष चंद्र उइके, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे, 36वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल कैंप के कंपनी प्रभारी गोकुल मरावी और प्रभारी रक्षित निरीक्षक सूबेदार कुंवर सिंह ओलाड़ी सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
