सरकारी योजनाओं की पहुंच को प्रभावी बनाने की कवायद: डिंडौरी में प्रशासनिक आयोग की विशेष बैठक

Listen to this article

✍️ उपसंपादक मोहम्मद साहिब

जनपथ टुडे डिंडौरी 22 मई:— मध्यप्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग द्वारा आज स्थानीय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में तहसील स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। आयोग के अध्यक्ष एस.एन. मिश्रा, सचिव अक्षय कुमार सिंह एवं सदस्य मनोज शुक्ला की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक ढांचे के पुनर्गठन, क्षेत्रीय आवश्यकताओं की पूर्ति तथा जनसेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जमीनी फीडबैक प्राप्त करना था।

बैठक में राजस्व, स्वास्थ्य, वन, ग्रामीण विकास एवं महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं मैदानी स्तर के कर्मचारियों ने सहभागिता की। इस दौरान आयोग द्वारा कर्मचारियों के कार्यक्षेत्र, उनके दायित्वों और मैदानी स्तर पर आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों को लेकर विस्तृत संवाद किया गया। राजस्व विभाग के पटवारियों ने भौगोलिक सीमाओं, संसाधनों की कमी एवं बढ़ते राजस्व प्रकरणों के निस्तारण में आ रही बाधाओं को रेखांकित किया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों ने ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और टीकाकरण कार्यक्रमों में आ रही कठिनाइयों से आयोग को अवगत कराया। साथ ही, ग्राम रोजगार सहायकों द्वारा मनरेगा एवं अन्य पंचायत स्तरीय योजनाओं के ऑनलाइन निष्पादन में आ रही तकनीकी चुनौतियों पर चर्चा की गई।

आयोग के सचिव अक्षय कुमार सिंह ने विभागीय समन्वय और प्रशासनिक गतिशीलता पर बल देते हुए कहा कि इकाइयों के पुनर्गठन का प्राथमिक लक्ष्य शासन की सेवाओं को आमजन तक अधिक सुगमता से पहुँचाना है। उन्होंने मैदानी कर्मचारियों को प्रशासन की आधारशिला बताते हुए कहा कि उनके व्यावहारिक अनुभव प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सक्षम एवं जनोन्मुखी बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

बैठक के दौरान प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं के सरलीकरण हेतु आवश्यक बिंदुओं पर गहन मंथन किया गया। आयोग ने स्पष्ट किया कि बैठक में प्राप्त सुझावों एवं तथ्यों का विश्लेषण कर शासन को व्यापक अनुशंसाएं प्रेषित की जाएंगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीएम रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन एवं तहसीलदार शशांक शेंडे सहित जिले के समस्त विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000