
करौंदी स्कूल में विद्यार्थियों को दिया जा रहा 20 दिवसीय ऑन जॉब प्रशिक्षण
करौंदी स्कूल में विद्यार्थियों को दिया जा रहा 20 दिवसीय ऑन जॉब प्रशिक्षण 
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी 23 मई 2026 – शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करौंदी में व्यावसायिक पाठ्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को ऑन जॉब प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 2 मई को विद्यालय प्राचार्य शिवचरन सिंह आर्मो एवं व्यावसायिक शिक्षक श्याम साहू की उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को शासकीय उद्यान संजय निकुंज करौंदी, शहपुरा में 20 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को नर्सरी तैयार करना, आम एवं फूलों की ग्राफ्टिंग, गूटी बांधना तथा पौध तैयार करने जैसी तकनीकी जानकारियां प्रदान की जा रही हैं। प्रशिक्षक कामता विश्वकर्मा द्वारा विद्यार्थियों को स्वरोजगार एवं उद्यानिकी आधारित रोजगार के अवसरों के बारे में भी मार्गदर्शन दिया गया।
व्यावसायिक शिक्षक श्याम साहू ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार व्यावसायिक पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों को 80 घंटे का ऑन जॉब प्रशिक्षण दिया जाना अनिवार्य है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे अध्ययन के साथ-साथ रोजगारपरक कौशल भी विकसित कर सकें।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझाया जा रहा है कि वे भविष्य में किसी कंपनी में रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर भी बन सकते हैं। प्रशिक्षण में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 मई तक संचालित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।


