जंगल में मिला 5 दिनों से लापता 5 वर्षीय मासूम इमरान का शव – परिजनों के साथ ग्रामीणों ने जतायी हत्या की आशंका 

Listen to this article

तीन थानों की पुलिस चला रही थी सर्चिंग अभियान 17 जून से सुबह 7 बजे घर से गायब हुआ था इमरान

संपादक प्रकाश मिश्रा 

जनपथ टुडे डिंडोरी 22 जून 2026- डिंडौरी जिले के करंजिया में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 17 जून से लापता 5 वर्षीय बालक इमरान का शव सोमवार को सुबह जंगल में टुकड़ों में मिला। शव की हालत देखकर परिजनों सहित ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर एसपी अशीष खरे ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और सभी एंगल से जांच के निर्देश दिए हैं।

परिजनों ने भी तलाशा लेकिन नहीं मिला था कोई सुराग 

करंजिया थाना ग्राम तरेरा निवासी इख्तियार खान के 5 वर्षीय बेटा इमरान 17 जून की सुबह करीब 7 बजे घर से लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

जंगल में बिखरे हुए मिले बच्चे के शव के अंग- ग्रामीण महिला ने दी जानकारी

गुम बालक की तलाश में करंजिया , समनापुर, बजाग थानों की पुलिस 5 दिनों से जुटी थी। सोमवार को जंगल में एक महिला के द्वारा बच्चे के शव के अंग बिखरे हुए होने की जानकारी दी, जिसकी पहचान कपड़ों से इमरान के रूप में हुई। बालक के शव का अंग घर से तीन-चार किलोमीटर दूर जंगल में मिले हैं।

एसपी ने किया मौका मुआयना,FSL और डॉग स्क्वाड की मदद 

घटना की जानकारी लगते ही पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एफएसएल और डॉग स्क्वाड टीम की मदद जांच में ली जा रही है। एसपी ने अधीनस्थों को हत्या, हादसा और जंगली जानवर के हमले सहित सभी एंगल से जांच के निर्देश दिए। शव के अंगों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

परिजन और ग्रामीण इसे हत्या का मामला बता रहे है

प्रारंभिक तौर पर पुलिस जंगली जानवरों द्वारा बालक को निवाला बनाने की संभावना जता रही है। क्योंकि शव के अंग अलग-अलग जगह बिखरे मिले हैं। हालांकि, परिजन और ग्रामीण इसे हत्या का मामला बता रहे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के सही कारणों का खुलासा 

शव मिलने के बाद पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। एसपी ने कहा कि हर पहलू की जांच की जा रही है, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000