
गाली-गलौच कर कार में की तोड़फोड़, घर पर बरसाए पत्थर; जान से मारने की दी धमकी- कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 का मामला
डिंडौरी | जनपथ टुडे | 26 जून 2026 | संपादक: प्रकाश मिश्रा
जिला मुख्यालय डिंडौरी के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर-2 में देर रात एक युवक द्वारा घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ करने, गाली-गलौच करने और घर पर पथराव करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी महिला ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 23 जून की रात वह अपने बच्चों के साथ घर पर थी। परिवार के सभी सदस्य भोजन कर सो गए थे, जबकि उनके पति इलाज के लिए जबलपुर गए हुए थे।
महिला के अनुसार, 24 जून की रात करीब 1:15 बजे भवानी चौक निवासी यश बर्मन उनके घर के सामने पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। जब उन्होंने घर के अंदर से देखा तो आरोपी डंडे से घर के बाहर खड़ी कार क्रमांक एमपी-52-जेडसी-4109 में तोड़फोड़ कर रहा था। इसके बाद उसने पत्थरों से भी वाहन को क्षतिग्रस्त किया।
पीड़िता ने बताया कि भय के कारण वह घर से बाहर नहीं निकली। आरोप है कि आरोपी ने घर के भीतर भी पत्थर फेंके और मौके से जाते समय पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 351(2) एवं 324(4) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

