
पैतृक संपत्ति विवाद में नया मोड़: जमीन बेचने के बाद बदली नीयत- आरोप ? खरीदारों ने खोला मोर्चा, पुलिस से धोखाधड़ी की कार्रवाई की मांग

संपादक: प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे, डिंडोरी | 27 जून 2026 – जिला मुख्यालय में पैतृक संपत्ति विवाद में अब आरोप प्रत्यारोप खुल कर सामने आ रहे हैं। डिंडोरी के सुबखार स्थित बहुचर्चित पैतृक भूमि विवाद में शनिवार को नया मोड़ सामने आया। मुख्य मार्ग से लगी इस बेशकीमती जमीन का सौदा करने, पूरी कीमत प्राप्त करने और विधिवत रजिस्ट्री कराने के बाद अब विक्रेता पक्ष द्वारा विवाद खड़ा किए जाने का आरोप लगाते हुए खरीदार पक्ष ने कोतवाली थाना डिंडोरी में शिकायत दर्ज कराई है। खरीदारों ने आरोप लगाया है कि चाचा-भतीजे ने तथ्यों को छिपाकर न्यायालय को गुमराह किया और अब सौदे से पीछे हटने की कोशिश कर रहे हैं।
खरीदार अनिल खनूजा एवं बलवीर खनूजा द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि वर्ष 2022 में खसरा नंबर 104, रकबा 3.5450 हेक्टेयर भूमि का सौदा इंद्रपाल उर्फ बबलू सोनपाली और नंदलाल सोनपाली की सहमति से हुआ था। उनका कहना है कि तहसील न्यायालय में शपथपत्र एवं सहमति प्रस्तुत किए जाने के बाद ही नामांतरण की प्रक्रिया पूरी हुई और भूमि को विवादमुक्त बताकर विक्रय किया गया।
पूरी रकम, रजिस्ट्री और कब्जा—फिर क्यों विवाद?
खरीदार पक्ष का दावा है कि 26 अक्टूबर 2022 को विधिवत रजिस्ट्री संपन्न हुई, जमीन की पूरी कीमत का भुगतान किया गया और विक्रेताओं ने भूमि का कब्जा भी सौंप दिया। उनका कहना है कि पिछले लगभग चार वर्षों से वे उक्त भूमि पर काबिज हैं, लेकिन अब विक्रेता पक्ष अपने पुराने रुख से पलट गया है।
शिकायत में खरीदारों ने दावा किया है कि उनके पास इंद्रपाल सोनपाली और नंदलाल सोनपाली के बीच हुई मोबाइल बातचीत की रिकॉर्डिंग मौजूद है। उनके अनुसार इस रिकॉर्डिंग से स्पष्ट होता है कि भूमि का विक्रय दोनों पक्षों की सहमति से हुआ था। उन्होंने पुलिस को यह रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की बात भी कही है।
इश्तहार प्रकाशित हुआ, तब नहीं आई कोई आपत्ति
अनिल खनूजा के अनुसार रजिस्ट्री से करीब एक माह पहले दो स्थानीय समाचार पत्रों में भूमि विक्रय का सार्वजनिक इश्तहार प्रकाशित कराया गया था। इसके बावजूद विक्रेता परिवार के किसी सदस्य ने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई। नामांतरण प्रक्रिया के दौरान भी किसी प्रकार का विरोध सामने नहीं आया।
भूमि खरीददार ने की धोखाधड़ी की कार्रवाई की मांग
खरीदारों ने पुलिस से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों को छिपाने और कथित धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त दस्तावेज, विक्रय पत्र एवं अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह खबर खरीददार पक्ष द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन और पुलिस के आधिकारिक बयान पर आधारित है। मामले की जांच जारी है तथा अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।

