
जन सुनवाई – 47 आवेदनों पर कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी 30 जून,2026 – कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए नागरिकों ने शिक्षा, आर्थिक सहायता, राजस्व, पेयजल, सड़क, अनुकंपा नियुक्ति, संबल योजना, नामांतरण, सार्वजनिक सुविधाओं सहित अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। आज जनसुनवाई के दौरान कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए हैं कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में जांच कर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
छात्रा फरहत सायमा को रेड क्रॉस से 5 हजार की मदद
जनसुनवाई में अमरपुर निवासी छात्रा फरहत सायमा ने पिता के निधन के बाद आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। आवेदन को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने गंभीरता लेते हुए रेड क्रॉस मद से 5 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है।
मौत के दो साल बाद भी नहीं मिला संबल का लाभ
ग्राम राघोपुर निवासी अजमेर सिंह मरकाम ने संबल योजना के अंतर्गत मां की मृत्यु के दो वर्ष बाद भी संबल योजना के तहत अनुग्रह सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत की। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारी को शिकायत की जांच कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
ददराटोला के ग्रामीणों ने की पक्की सड़क बनाने की मांग
ग्राम पंचायत समनापुर के ददराटोला के ग्रामीणों ने बरसात में आवागमन की समस्या को देखते हुए पक्की सड़क बनाने की मांग किए हैं उन्होंने बताया कि बरसात के दिनों में छात्र-छात्राओं एवं बीमार व्यक्तियों को आने जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। जिस पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत को निरीक्षण कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
धनुवासागर के ग्रामीणों ने की सार्वजनिक हैंडपंप को अतिक्रमण मुक्त कराने की माँग
धनुवासागर के ग्रामीणों ने सार्वजनिक हैंडपंप को अतिक्रमण मुक्त कराने का आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार डिंडौरी को कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।



