
SAFE CLICK 2.0 अभियान- डिण्डौरी में हुआ साइबर सुरक्षा मैराथन/रन का आयोजन, बड़ी संख्या मे प्रतिभागियों ने लिया भाग

SAFE CLICK 2.0 अभियान- डिण्डौरी में हुआ साइबर सुरक्षा मैराथन/रन का आयोजन
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 7 जून 2026- मध्यप्रदेश पुलिस के *SAFE CLICK 2.0* *साइबर सुरक्षा* जागरूकता अभियान के *दिवस-14* के अंतर्गत आज दिनांक 07.07.2026 को जिला मुख्यालय डिण्डौरी सहित जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में “साइबर सुरक्षा मैराथन/रन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
जिला मुख्यालय में आयोजित साइबर सुरक्षा मैराथन में पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी आशीष खरे,एडीएम जे.पी. यादव, एसडीएम डिण्डौरी रामबाबू देवांगन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेन्द्र सिंह,अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष यू.के. पटेरिया, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अनुभाग बजाग विवेक कुमार गौतम, थाना प्रभारी यातायात सुभाष उईके, थाना प्रभारी कोतवाली दुर्गा प्रसाद नगपुरे, प्रभारी रक्षित निरीक्षक कुंवर सिंह ओलाडी, सुबेदार अभिनव राय सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यार्थी तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मैराथन में लगभग 150 प्रतिभागियों ने भाग लेकर साइबर सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
मैराथन का शुरुआत पुलिस अधीक्षक कार्यालय से किया गया, जो थाना यातायात में संपन्न हुई। समापन उपरांत सभी प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा साइबर अपराधों से बचाव, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल *1930 हेल्पलाइन एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल* पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में जागरूक किया गया।
जिला मुख्यालय के साथ-साथ थाना शहपुरा, थाना समनापुर, थाना मेहंदवानी एवं चौकी अमरपुर* में भी साइबर सुरक्षा मैराथन/रन का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं, आम नागरिकों तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल युग में प्रत्येक नागरिक का साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। जनसहभागिता से ही साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। *SAFE CLICK 2.0* अभियान के माध्यम से जिला पुलिस लगातार विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल जीवन के लिए प्रेरित कर रही है।
जिला पुलिस डिण्डौरी ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं जागरूक रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।



