
SP खरे के नेतृत्व में डिंडोरी पुलिस को मिला उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रदेश स्तरीय सम्मान

SP खरे के नेतृत्व में डिंडोरी पुलिस को मिला उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रदेश स्तरीय सम्मान
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 8 जुलाई 2026- प्रदेशव्यापी “सेफ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन” साइबर सुरक्षा अभियान के सफल संचालन एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर जिला डिण्डौरी को पुलिस महा निदेशक, मध्यप्रदेश कैलाश मकवाना ने “उत्कृष्ट प्रदर्शन” प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में जिला पुलिस द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों की राज्य स्तर पर सराहना का प्रतीक है।
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के नेतृत्व में जिला साइबर सेल, समस्त थाना एवं चौकी पुलिस तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक चले इस अभियान के दौरान जिलेभर में व्यापक साइबर जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। अभियान के दौरान कुल 660 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 23 डिजिटल एवं सोशल मीडिया जागरूकता कार्यक्रम, 16 जागरूकता रैलियाँ, 619 बैनर एवं पोस्टर प्रदर्शन, 2 साइबर क्विज प्रतियोगिताएँ, 2 नुक्कड़ नाटक तथा 7 साइबर मेलों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग लिंक, OTP फ्रॉड, QR कोड स्कैम, UPI एवं बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाओं सहित विभिन्न साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान 47,955 नागरिकों को ऑफलाइन एवं 32,542 नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से जागरूक किया गया, जिससे कुल 74,887 नागरिक साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी से लाभान्वित हुए। विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों को आमजन का व्यापक सहयोग एवं सहभागिता प्राप्त हुई।
Sp ने जताया समस्त सहयोगियों का आभार
इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, साइबर सेल टीम, प्रशासन, शिक्षा विभाग, मीडिया प्रतिनिधियों तथा अभियान को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। *उन्होंने विशेष रूप से जिला कलेक्टर श्रीमती अंजु पवन भदौरिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी* तथा अभियान में सहयोग प्रदान करने वाले अन्य शासकीय विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सक्रिय योगदान की सराहना करते हुए सभी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों एवं जन सहभागिता के कारण ही जिला डिण्डौरी को प्रदेश स्तर पर यह गौरवपूर्ण सम्मान प्राप्त हुआ। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के समन्वित प्रयासों से साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में जिले को नई उपलब्धियाँ प्राप्त होंगी।
डिण्डौरी पुलिस की अपील
• किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें। • OTP, बैंक खाता, UPI PIN एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। • साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। • “सुरक्षित क्लिक – सुरक्षित जीवन” का संदेश अपने परिवार, मित्रों एवं समाज तक अवश्य पहुँचाएँ।
जिला डिण्डौरी को प्राप्त यह सम्मान पूरे जिले की पुलिस टीम, प्रशासन एवं जागरूक नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है तथा भविष्य में साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करेगा।


