
CMHO कार्यालय में रेडक्रॉस सोसायटी की बैठक संपन्न – जनहित के महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र को हाईटेक बनाने का प्रस्ताव

CMHO कार्यालय में रेडक्रॉस सोसायटी की बैठक संपन्न – जनहित के महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र को हाईटेक बनाने का प्रस्ताव
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी 12 अगस्त 2026- जिला चिकित्सालय स्थित CMHO कार्यालय में मंगलवार को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की आवश्यक बैठक सभापति नरेंद्र सिंह राजपूत की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही जिले में रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिले के साथ-साथ सभी विकासखंडों में युवा रेडक्रॉस का गठन शीघ्र किए जाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा रेडक्रॉस सोसायटी का व्यापक सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को संस्था से जोड़ने पर भी चर्चा हुई।
प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाले जन विश्वास शिविर में रक्तदान शिविर आयोजित करने की योजना पर भी विचार किया गया। इसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के साथ ही आमजन में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
जन औषधि केंद्र का निरीक्षण
बैठक के पश्चात रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिला अस्पताल परिसर में संचालित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र में उपलब्ध दवाइयों, स्टॉक एवं औषधियों की उपलब्धता की जानकारी फार्मासिस्ट से ली गई।
सभापति नरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के माध्यम से आमजन को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। केंद्र को हाईटेक एवं अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को दवाइयां प्राप्त करने में बेहतर सुविधा मिल सके।
बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी के उपसभापति कृष्ण कुमार मिश्रा, सचिव प्रवीण दास, कोषाध्यक्ष सचिन जैन, सदस्य स्कंध चौकसे, राघवेंद्र गर्ग, लिपिक पीतांबर ठाकुर, कन्हैया लाल साहू एवं फार्मासिस्ट तुषार पाठक सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


