
तिरंगे की शान में डिंडोरी, स्वतंत्रता दिवस पर गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश
✍️ उपसंपादक मोहम्मद साहिबेआलम
जनपथ टुडे परिवार की ओर से समस्त डिंडोरी जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
जनपथ टुडे डिंडोरी 15 अगस्त:- डिंडोरी की धरती पर स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व पूरे गौरव, उल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। जैसे ही तिरंगा आसमान में शान से लहराया, पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर हो उठा।
स्वतंत्रता दिवस हमें केवल आजादी का उत्सव मनाने का अवसर नहीं देता, बल्कि उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने की प्रेरणा भी देता है, जिनके अथक प्रयासों से भारत ने पराधीनता की बेड़ियां तोड़ीं। आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे अनगिनत ज्ञात-अज्ञात वीरों का बलिदान है।
डिंडोरी जैसे आदिवासी बहुल जिले के लिए स्वतंत्रता का अर्थ विकास की उस रोशनी को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी है, जिससे हर नागरिक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सके। प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयास ही जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।पुलिस ग्राउंड में फहराया गया तिरंगा हम सभी को यही संदेश देता है कि देश सर्वोपरि है। लोकतंत्र की मजबूती, सामाजिक एकता और विकास के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। स्वतंत्रता दिवस का यह पर्व हमें संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम डिंडोरी को विकास, सद्भाव और प्रगति की नई पहचान दिलाने में अपनी भूमिका ईमानदारी से निभाएंगे।




