
बिलगांव बांध के दो गेट कल सुबह खुलेंगे, 14 गांवों में अलर्ट
✍️ उपसंपादक मोहम्मद साहिबेआलम
जनपथ टुडे डिंडौरी 16 अगस्त:- जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते बिलगांव बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कैचमेंट क्षेत्र से बांध में लगातार पानी की आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने अतिरिक्त पानी की निकासी का निर्णय लिया है। इसके तहत सोमवार, 17 अगस्त को सुबह 8 बजे बांध के दो स्पिलवे गेट खोले जाएंगे।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार दोनों गेटों को प्रारंभिक तौर पर 5-5 सेंटीमीटर की ऊंचाई तक खोला जाएगा। इससे बांध से करीब 4.89 क्यूमेक पानी प्रति सेकेंड की दर से निकासी होगी। अधिकारियों ने बताया कि कैचमेंट क्षेत्र में बारिश का सिलसिला जारी रहने पर बांध की स्थिति की लगातार समीक्षा की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर गेटों की संख्या अथवा उनकी ऊंचाई बढ़ाई जा सकती है।
14 गांवों में अलर्ट
बांध से पानी छोड़े जाने के चलते निचले क्षेत्रों में जल प्रवाह बढ़ने की संभावना है। शाहपुरा और मेंहदवानी विकासखंड के कुल 14 गांव संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्र में शामिल हैं।
शाहपुरा विकासखंड के बिलगांव, पिपरिया, अमढेरा, बलगांव, करौंदी, इंदौरी, घुंडी सरई, डुंडी सरई, चांटी, चंडवाही एवं कारीगढ़हरी तथा मेंहदवानी विकासखंड के पिंडरई, कटराई एवं फुलवाही गांवों के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्राम पंचायतों को किया गया अलर्ट
प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित ग्राम पंचायतों को अलर्ट जारी कर दिया है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे बांध, नदी-नालों तथा जल प्रवाह वाले क्षेत्रों के आसपास न जाएं। साथ ही मवेशियों को भी नदी के तटीय एवं निचले क्षेत्रों से दूर सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने कहा है कि जलस्तर बढ़ने अथवा किसी भी तरह की आपात स्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन या संबंधित कोटवार को दी जाए। बारिश और बांध से पानी की निकासी को देखते हुए प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


