वन ग्राम बीतल बहरा पहुंचे एसडीएम रामबाबू देवांगन, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद- पेयजल, सड़क, राशन, स्कूल व आंगनवाड़ी की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को निराकरण के दिए निर्देश

Listen to this article

वन ग्राम बीतल बहरा पहुंचे एसडीएम रामबाबू देवांगन, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

संपादक प्रकाश मिश्रा

जनपथ टुडे डिंडौरी 4 सितंबर 2026- डिंडौरी जिले में ग्रामीण एवं वनवासी क्षेत्रों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने और उनके निराकरण के उद्देश्य से एसडीएम रामबाबू देवांगन ने वन ग्राम बीतल बहरा पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। जनसुनवाई के दिन कलेक्टर कार्यालय पहुंचने के बाद सामने आई ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों के साथ गांव का भ्रमण किया और मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीएम के साथ जनपद पंचायत समनापुर के विकास विस्तार अधिकारी, उपयंत्री, पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

जर्जर स्कूल भवन में लग रही कक्षाएं

भ्रमण के दौरान प्राथमिक शाला बीतल बहरा पहुंचकर बच्चों से पढ़ाई की जानकारी ली गई। स्कूल भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए विद्यालय को किराये के भवन में संचालित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इसी तरह गांव में आंगनवाड़ी भवन उपलब्ध नहीं होने के कारण किराये के भवन में आंगनवाड़ी संचालित किए जाने की जानकारी भी सामने आई।

अधिकारियों ने आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों की उपस्थिति, स्वास्थ्य, नाश्ता एवं पोषण आहार की व्यवस्था की जानकारी ली।

50 से 100 फीट नीचे से पानी लाने को मजबूर ग्रामीण

गांव में पेयजल की समस्या सबसे गंभीर रूप में सामने आई। ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य बस्ती से लगभग 50 से 100 फीट नीचे स्थित जलस्रोत से पानी लाना पड़ता है। महिलाओं एवं बच्चों को रास्ते से पानी ऊपर बस्ती तक लाना पड़ता है।

एसडीएम ने मौके पर स्थिति देखने के बाद पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित उपयंत्री को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं महिलाओं एवं ग्रामीणों के आवागमन को देखते हुए सीमेंट-कांक्रीट सड़क निर्माण के संबंध में भी निर्देश दिए गए।

राशन नहीं मिलने की शिकायत पर जांच के निर्देश

भ्रमण के दौरान दो बैगा महिलाओं द्वारा राशन नहीं मिलने की शिकायत भी सामने रखी गई। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य विभाग एवं जिला पंचायत की टीम को जांच कर पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

गांव की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

एसडीएम रामबाबू देवांगन ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की मूलभूत समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।

बताया गया कि एसडीएम के वन ग्राम में पहली बार पहुंचने और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनने से बीतल बहरा के बैगा परिवारों में खुशी देखी गई। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की उम्मीद जगी है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000