
ग्राम गोपालपुर में लगा मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर, ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक
सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, आवेदनों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश; विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को किया लाभान्वित
जनपथ टुडे डिंडौरी 13 नवंबर 2026:- मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के तहत शुक्रवार को ग्राम गोपालपुर में जनसमस्याओं के निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी ने की।
शिविर में गोपालपुर एवं आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी, हितग्राहियों को मिला लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों को पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान कृषि विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को स्प्रे मशीन वितरित की गई, वहीं वन विभाग ने 2 हितग्राहियों को वन अधिकार पत्र प्रदान किए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत 5 बालिकाओं को लाभान्वित किया गया। इसके अलावा पेंशन योजना के 5, अनुग्रह सहायता योजना के 3 तथा संबल पंजीयन योजना के 1 हितग्राही को लाभ दिया गया। लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 6 बालिकाओं और आजीविका मिशन के माध्यम से 2 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना, ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी अशोक सोलंकी, एसडीएम बजाग पुष्पेंद्र अहके, एसडीओपी विवेक गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जनपद पंचायत करंजिया अध्यक्ष राजू सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

