
दशहरा पर्व पर डिण्डौरी में यातायात व्यवस्था में बदलाव -20 अक्टूबर को शाम 6 बजे से मुख्य मार्ग पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित -पुलिस ने की सहयोग की अपील*
जनपथ टुडे डिण्डौरी, 19 अक्टूबर 2026- दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों की संभावित भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए डिण्डौरी यातायात पुलिस द्वारा जनहित में यातायात एडवाइजरी जारी की गई है। जारी एडवाइजरी के अनुसार 20 अक्टूबर 2026 को शाम 6 बजे से कलेक्ट्रेट तिराहा से अवंती बाई चौक तक दोपहिया, तीनपहिया, चारपहिया वाहनों सहित तूफान, बस एवं सभी भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान शहर के उक्त मार्ग पर केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश की अनुमति होगी। दशहरा पर्व पर आने वाले दर्शनार्थियों के वाहनों की पार्किंग के लिए कलेक्ट्रेट परिसर खेल मैदान एवं जबलपुर बस स्टैंड (अवंती बाई चौक) में व्यवस्था की गई है।
इस तरह होगी पार्किंग एवं रूट डायवर्सन व्यवस्था
पुरानी डिण्डौरी की ओर से आने वाले दर्शनार्थी अपने वाहन कलेक्ट्रेट परिसर खेल मैदान में पार्क करेंगे, जबकि जबलपुर रोड एवं मुड़की रोड की ओर से आने वाले दर्शनार्थी अपने दोपहिया, तीनपहिया एवं चारपहिया वाहन जबलपुर बस स्टैंड में खड़े करेंगे। इसके बाद सभी दर्शनार्थियों को पैदल ही शहर में प्रवेश करना होगा। साकेत नगर, हंसनगर, देवरा एवं मुड़की की ओर से पुरानी डिण्डौरी आने-जाने वाले वाहन नर्मदा पुल, डेम घाट, शांतिनगर, कोर्ट तिराहा एवं कलेक्ट्रेट तिराहा होते हुए निर्धारित मार्ग का उपयोग करेंगे। वहीं, सुबखार, इमलीकुटी एवं शंकर घाट की ओर से पुरानी डिण्डौरी आने-जाने वाले वाहन शंकर घाट, डेम घाट, शांतिनगर, कोर्ट तिराहा एवं कलेक्ट्रेट तिराहा होकर आवागमन करेंगे। सिविल लाइन एवं कस्तूरबा कन्या शाला की ओर से पुरानी डिण्डौरी जाने वाले वाहन राजूषा स्कूल एवं मंडला स्टैंड मार्ग का उपयोग करेंगे।
यातायात पुलिस ने की नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा दशहरा पर्व के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
डिण्डौरी पुलिस ने किया असुविधा के लिए खेद व्यक्त
असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए डिण्डौरी पुलिस ने आमजन से एक दिवसीय आयोजन के दौरान सहयोग बनाए रखने का अनुरोध किया है।


