
सक्का स्कूल विवाद : प्राचार्य का किया गया ट्रांसफर
मारपीट और विवाद करने वाले शिक्षकों पर अब तक नहीं हुई कोई कार्यवाही??
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 23 जनवरी 2022, शा. उ. मा. विद्यालय सक्का, विकासखंड अमरपुर में शनिवार को प्रभारी प्राचार्य शुभेंदु कुमार दास के साथ शिक्षकों द्वारा किए गए विवाद और मारपीट की घटना के बाद जहां दोनों पक्षों ने शिकायत पुलिस में की है वहीं मामले को संज्ञान में लेते हुए सहायक आयुक्त, जनजाति कार्य विभाग डिंडोरी द्वारा कल ही आदेश जारी कर प्रभारी प्राचार्य शुभेंदु कुमार दास का ट्रांसफर हायर सेकेंडरी स्कूल सक्का से शासकीय कन्या हाई बिछिया, विकासखंड शहपुरा प्राचार्य के रिक्त पद पर दिया है। जारी आदेश के अनुसार शिक्षकों के मध्य मनमुटाव की स्थिति को देखते हुए प्रभारी प्राचार्य का ट्रांसफर किया जाता है, ताकि भविष्य में किसी तरह के विवाद में स्थिति निर्मित न हो। जारी आदेश में प्रभारी प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से सक्का स्कूल से कार्यमुक्त किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
हालाकि कि इस पूरे मामले को लेकर विभाग द्वारा किसी तरह की जांच और प्रभारी प्राचार्य के आरोप के आधार पर संबंधित शिक्षकों के विरूद्ध अब तक किसी भी कार्यवाही की जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। जबकि प्रभारी प्राचार्य का ट्रांसफर तत्काल करते हुए उन्हें कार्यमुक्त भी कर दिया गया है।
इस पूरे मामले पर जानकारी हेतु अवकाश होने के चलते वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पाया है।