
पुलिसिया दखल पर कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने जताया विरोध
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 30 जुलाई 2021, जिले भर के अधिकारी कर्मचारी संगठनों के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले आज जिला मुख्यालय में विशाल रैली आयोजित कर तिरंगा यात्रा निकाल कर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद कोतवाली पुलिस के द्वारा संयुक्त मोर्चा के द्वारा आयोजित रैली में संघों के मुख्य पदाधिकारियों को थाने में बुलाया गया। संघ के पदाधिकारियों को थाने में बुलाए जाने की खबर पाकर उनके अन्य समर्थक भी थाने पहुंचे जहां बड़ी मात्रा में भीड़ जमा हो गई। कोतवाली पुलिस के द्वारा रैली में उपस्थित संघों के मुख्य पदाधिकारियों के नाम व पते दर्ज किए गए है। साथ ही आधार कार्ड और मोबाइल नंबर की जानकारी भी कोतवाली पुलिस के द्वारा दर्ज की गई है।
वहीं पुलिस के इस दखल और पुलिस के द्वारा की जा रही कार्रवाई का अधिकारी कर्मचारी संगठन ने विरोध किया है।
बताया जाता है कि संयुक्त मोर्चा के द्वारा रैली के आयोजन एवं प्रदर्शन हेतु अनुमति के लिए प्रशासन को पत्र लिखा गया था। किंतु सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की और न ही अनुमति प्रदान की। थाने में पहुंचे कर्मचारी मोर्चा के सभी सदस्य कुछ देर बाद थाने से धरना स्थल को रवाना हो गए, जहां मोर्चा द्वारा सरकार के विरोध में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी है।