
कृषि विभाग ने किया ई-विकास प्रणाली अंतर्गत खाद विक्रय हेतु जागरूकता बैठक का आयोजन
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी, 07 मई 2026 कृषि विभाग डिंडौरी द्वारा ई-विकास प्रणाली अंतर्गत ई-टोकन जनरेशन एवं उर्वरक विक्रय व्यवस्था के संबंध में जागरूकता बैठक का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र डिंडौरी में किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य उर्वरक वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं सुगमता सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में बताया गया कि जिले में ई-विकास (वितरण एवं कृषि आपूर्ति समाधान) प्रणाली प्रारंभ की गई है, जिसके माध्यम से कृषकों को व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम में जिले की समस्त 44 सहकारी समितियों, 3 विपणन संघों, निजी उर्वरक विक्रेताओं एवं उर्वरक प्रदाय करने वाली कंपनियों जैसे आईपीएल, एनएफएल, चंबल, इफको एवं कृभको के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
जिले के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा ई-विकास प्रणाली में कृषक पंजीयन से लेकर ई-टोकन जनरेशन एवं उर्वरक प्राप्ति तक की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को प्रणाली के प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया गया।
बैठक में उपसंचालक कृषि संजय दोशी द्वारा जिन समितियों में उर्वरक का भंडारण शून्य है, उन्हें विपणन संघ से शीघ्र उर्वरक उठाव करने के निर्देश दिए गए, ताकि कृषकों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम में सहायक संचालक कृषि कृष्णकुमार चौहान, जिला नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जी.पी. द्विवेदी, सहायक निरीक्षक सिद्धेश्वर मर्सकोले, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक के.डी. देशमुख सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

