ग्रामीणों के विरोध और कलेक्टर के निर्देश के बाद ग्राम करौंदा के सागर टोला में बहाल हुई पेयजल व्यवस्था

Listen to this article

ग्रामीणों के विरोध और कलेक्टर के निर्देश के बाद ग्राम करौंदा के सागर टोला में बहाल हुई पेयजल व्यवस्था

संपादक प्रकाश मिश्रा 

जनपथ टुडे डिंडौरी : 25 मई,2026 – विकासखंड बजाग की ग्राम पंचायत करौंदा के सागर टोला में पेयजल संकट एवं नलजल योजना के कनेक्शनों का नियमित संचालन नहीं होने के कारण ग्रामीणों द्वारा अमरकंटक-जबलपुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल समस्या के निराकरण के निर्देश दिए थे।

कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को दो दिवस के भीतर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सख्त निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के परिपालन में आज 25 मई 2026 को पीएचई विभाग द्वारा मोटर संचालित कर नलजल योजना अंतर्गत बिछाई गई पाइपलाइन को पुनः संचालित कर दिया गया।

कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य विभाग अफजल इमाम उल्ला खान ने बताया कि नलजल योजना के सुचारू संचालन के बाद अब ग्रामीणों को घर-घर पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध होने लगा है। पेयजल व्यवस्था बहाल होने से ग्रामीणों ने राहत महसूस की है। प्रशासन द्वारा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की सतत निगरानी भी सुनिश्चित की जा रही है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000