जिला जेल डिंडौरी में नवीन बैरक भवन का लोकार्पण संपन्न – सजा काट रहे वरिष्ठ कैदी  मान सिंह मरावी ने फीता काटकर किया शुभारंभ 

Listen to this article

सजा काट रहे वरिष्ठ कैदी  मान सिंह मरावी ने फीता काटकर किया शुभारंभ

संपादक प्रकाश मिश्रा 

जनपथ टुडे डिंडोरी 28 मई 2026 – जिला जेल डिंडौरी में गुरुवार को नवीन बैरक भवन का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जेल की बढ़ती आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा वर्ष 2025 में नवीन बैरक भवन की स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिसका निर्माण पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा जनवरी 2026 में लगभग 99.03 लाख रुपये की लागत से पूर्ण कराया गया।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह दो मंजिला बैरक भवन 40 बिस्तरों की क्षमता वाला है। भवन में नीचे 20 एवं ऊपर 20 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। साथ ही कैदियों के लिए पर्याप्त प्रकाश, पेयजल एवं हवादार कमरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

नवीन बैरक भवन का शुभारंभ जिला जेल में 10 वर्ष की सजा काट रहे वरिष्ठ कैदी  मान सिंह मरावी, निवासी गाड़ासरई द्वारा फीता काटकर किया गया। लोकार्पण कार्यक्रम के पूर्व गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा गायत्री एक कुंडी यज्ञ एवं पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।

जेल अधीक्षक  लव सिंह काटिया ने बताया कि नवीन बैरक भवन के निर्माण से कैदियों एवं जेल स्टाफ को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा जेल परिसर में व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।

कार्यक्रम में एसडीओपी  सतीश द्विवेदी, नशा मुक्ति केंद्र से श्रीमती ऋतु जैन, पीडब्ल्यूडी से राजेश विश्वकर्मा, गायत्री परिवार के गोपाल प्रसाद चौकसे, श्रीमती अंजना शर्मा,  उपेंद्र पाराशर, श्रीमती प्रमिला मिश्रा, श्रीमती शुभाला शुक्ला,  पीटी चौरसिया,  अयोध्या प्रसाद झरिया, श्रीमती सुषमा झरिया,  माधव शरण पाराशर,  ओम प्रकाश मिश्रा सहित जेल स्टाफ एवं कैदी उपस्थित रहे।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000