जिला चिकित्सालय डिंडोरी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग – कर्मचारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा 

Listen to this article

संपादक प्रकाश मिश्रा 

जनपथ टुडे डिंडोरी 28 मई 2026 – जिला चिकित्सालय के लेबर वार्ड में गुरुवार शाम लगभग 5 बजे विद्युत पावर स्विच में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक धुआं फैल गया। वार्ड में ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स सुश्री काजल जागेला एवं सुश्री सिमरन कुशवाहा ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल विद्युत स्विच ऑफ कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला गार्ड सुश्री ललित मरावी ने पास में लगे अग्निशमन यंत्र का उपयोग कर आग पर तत्काल काबू पा लिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया करीब 10 मिनट के भीतर जिला चिकित्सालय पहुंचीं और मौके का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों द्वारा क्षतिग्रस्त विद्युत सर्किट की तत्काल मरम्मत कर नया सर्किट लगाया गया, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

कलेक्टर ने स्टाफ की नर्सों एवं महिला गार्ड की प्रशंसा, सम्मानित किये जाने के निर्देश

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने स्टाफ नर्सों एवं महिला गार्ड की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता एवं सूझबूझ से बड़ी दुर्घटना टल गई। उन्होंने तीनों महिलाओं को राष्ट्रीय पर्व पर सम्मानित किए जाने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय के अन्य वार्डों का निरीक्षण , मरीजों से चर्चा भी की

कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय के अन्य वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों से चर्चा की तथा अधिकारियों को सभी मरीजों को समय पर उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा ऋतु से पूर्व अस्पताल के सभी विद्युत सर्किटों की जांच एवं आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. रमेश मरावी, विद्युत अधिकारी आर. बघेल, एसडीएम डिंडोरी रामबाबू देवांगन, जनसंपर्क अधिकारी, नगर पालिका अधिकारी अमित तिवारी सहित चिकित्सालय का स्टाफ एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000