
समनापुर BEO के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग -जनपद CEO ने कलेक्टर को भेजा प्रस्ताव

जनपद CEO ने कलेक्टर को भेजा कार्यवाही के लिए प्रस्ताव
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 29 मई 2026 – डिंडोरी जिले के समनापुर विकासखंड में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। जनपद पंचायत समनापुर द्वारा विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए कलेक्टर डिंडोरी को प्रस्ताव भेजा गया है। आरोप है कि स्थायी शिक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के बावजूद आवश्यक जानकारी समय सीमा में उपलब्ध नहीं कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी 2026 को आयोजित स्थायी शिक्षा समिति की बैठक में विद्यालयों की आय-व्यय, संकुलित अभिलेखों एवं सेवा संबंधी जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी कई बार पत्राचार और स्मरण पत्र भेजे जाने के बावजूद संबंधित जानकारी कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराई गई।
जनपद पंचायत द्वारा 27 मई को जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी को पत्र क्रमांक 685 दिनांक 16/04/2026 एवं स्मरण पत्र क्रमांक 1214 दिनांक 19/05/2026 के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी जानकारी प्रस्तुत नहीं की गई।
पत्र में यह भी कहा गया है कि जानकारी नहीं दिए जाने के कारण स्थायी शिक्षा समिति के निर्णयों का पालन प्रभावित हुआ तथा प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न हुई। मामले को शासकीय कार्य में लापरवाही मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
समनापुर जनपद सीईओ के पत्र के बाद BEO के खिलाफ होने वाली कार्रवाई अब पूरी तरह से जिला प्रशासन के हाथों में है। देखने लायक बात यह होगी कि जनपद ceo के पत्र पर क्या कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।


