
जनपद पंचायत करंजिया में अब हर मंगलवार होगी जनसुनवाई- अध्यक्ष राजू सिंह उद्दे की पहल,ceo ने जारी किए आदेश

जनपद पंचायत करंजिया में अब हर मंगलवार होगी जनसुनवाई- अध्यक्ष राजू सिंह उद्दे की पहल,ceo ने जारी किए आदेश
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 3 जून 2026 – जनपद पंचायत करंजिया के अध्यक्ष राजू सिंह उद्दे की पहल पर अब प्रत्येक मंगलवार को जनपद पंचायत करंजिया के सभा कक्ष में नियमित जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। ज्ञात हो कि करंजिया जनपद अध्यक्ष ने जिला पंचायत सीईओ को पत्र लिखकर करंजिया मुख्यालय में जनसुनवाई प्रारंभ किए जाने का अनुरोध किया था जिस पर जिला पंचायत सीईओ ने मुहर लगाते हुए आदेश जारी कर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे और आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।
अध्यक्ष राजू सिंह उद्दे ने बताया कि क्षेत्र की जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था शुरू की जा रही है। जनसुनवाई में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं विकास संबंधी मांगें सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा विभिन्न विभागों के कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
क्षेत्रीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया है। लोगों का मानना है कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपलब्धता से समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा और आमजन को राहत मिलेगी।


