
चौंकी पुलिस ने नहीं सुनी तो महिला ने SP से की शिकायत – कार्यवाही की मांग
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा शिकायत की जांच कराने के बाद करेंगे वैधानिक कार्यवाही
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 8 जुलाई 2026 – डिंडौरी में समनापुर विकासखंड के ग्राम रहंगी की एक महिला ने गांव के युवक पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया है। महिला ने आरोप लगाया है कि अमरपुर पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की। अपनी फरियाद लेकर पीड़ित महिला बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के लिए पुलिस चौकी को शिकायत भेजी है।
पुलिस अधीक्षक के नाम लिखित शिकायत में महिला ने बताया कि 4 जुलाई को वह मजदूरी का काम खत्म कर घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के युवक राकेश पिता प्रेम सिंह ने उसे रास्ते में रोक लिया। महिला का आरोप है कि राकेश ने उसके साथ गाली-गलौज की, हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की और उसे जमीन पर गिराने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर उसका पति मौके पर पहुंचा, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया।
महिला ने बताया कि घटना के बाद वह और उसका पति पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच दूसरे पक्ष के परिजनों ने गांव में ही समझौता करने का आश्वासन देकर उन्हें रोक लिया। बाद में महिला को पता चला कि आरोपी पक्ष ने पहले ही पुलिस में उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
पीड़ित महिला का आरोप है कि सोमवार 6 जुलाई को वह अपने पति के साथ अमरपुर चौकी पहुंची, लेकिन वहाँ उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई और उन्हें चौकी से भगा दिया गया।
इनका कहना है –
चौकी प्रभारी संतोष यादव ने बताया कि 4 जुलाई को उक्त महिला और उसके पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज की गई थी, जिन्हें पूंछताछ के लिए बुलाया गया था । उक्त महिला ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। शिकायत दर्ज होगी तो जांच की जाएगी।
संतोष यादव – चौंकी प्रभारी अमरपुर

