
डीईओ के औचक निरीक्षण में नियमों के विपरीत संचालित मिला गाड़ासरई का विरासनी शिशु विद्या मंदिर विद्यालय, कई गंभीर कमियां सामने आईं

डीईओ के औचक निरीक्षण में नियमों के विपरीत संचालित मिला गाड़ासरई का विरासनी शिशु विद्या मंदिर विद्यालय, कई गंभीर कमियां सामने आईं
प्रकाश मिश्रा संपादक
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 09 जुलाई 2026 कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिले के निजी विद्यालयों के निरीक्षण अभियान के तहत गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते ने गाड़ासरई स्थित बिरासनी शिशु विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में मान्यता नियमों के उल्लंघन सहित कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण में पाया गया कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों से मनमाने तरीके से शुल्क वसूला जा रहा है। इसके अलावा स्वीकृत परिसर के अतिरिक्त अलग-अलग कमरों में विद्यालय का संचालन किया जा रहा था। विद्यालय के कुछ वाहन बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित पाए गए, जो विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर लापरवाही मानी गई।
जांच के दौरान विद्यालय में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव मिला। कई कक्षाएं छोटे एवं अपर्याप्त कमरों में संचालित हो रही थीं, वहीं विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त खेल मैदान की व्यवस्था भी नहीं पाई गई। इन कमियों को मध्यप्रदेश निजी विद्यालय (स्थापना एवं संचालन) नियमों का उल्लंघन माना गया।
निरीक्षण दल ने विद्यालय प्रबंधन को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया कि निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं के संबंध में मध्यप्रदेश निजी विद्यालय (स्थापना एवं संचालन) नियमों के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते के साथ ए.डी.पी.सी. प्रवीण तिवारी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रैपुरा के प्राचार्य आलोक जैन, सांदीपनि विद्यालय डिंडौरी के प्राचार्य जे. एस. मरकाम तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बजाग के प्राचार्य बी. एस. पंद्राम भी उपस्थित रहे।
जिले में निजी विद्यालयों के निरीक्षण का यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, विद्यार्थियों की सुरक्षा और शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।




