नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″ अभियान का भव्य शुभारंभ, नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया गया संकल्प प्रभारी मंत्री ने दिलाई शपथ 

Listen to this article

नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″ अभियान का भव्य शुभारंभ, नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया गया संकल्प प्रभारी मंत्री ने दिलाई शपथ

संपादक प्रकाश मिश्रा 

जनपथ टुडे डिंडौरी, 15 जुलाई 2026 – मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ आज उत्साह एवं जनसहभागिता के साथ किया गया। कार्यक्रम में जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी,  सांसद  फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक  ओमप्रकाश धुर्वे,  विधायक  ओमकार मरकाम, जिला अध्यक्ष  चमरू नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष  रूदेश परस्ते सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान  प्रभारी मंत्री द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा सभी से स्वयं नशे से दूर रहने एवं समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।

इसके उपरांत नशामुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत नशामुक्ति जागरूकता रथ को  प्रभारी मंत्री, सांसद एवं  विधायकगण द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रेरित करेगा।

अभियान के प्रथम दिवस जिले के समस्‍त थाना/चौकियों के माध्‍यम से 25 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की गईं। इन कार्यक्रमों में पुलिस विभाग, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से लगभग 3,570 नागरिकों एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक  आशीष खरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धमेन्‍द्र सिंह , एसडीओपी डिंडौरी  सतीष द्विवेदी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला पुलिस डिंडौरी ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें तथा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को जनआंदोलन बनाकर एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त डिंडौरी के निर्माण में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000