
नगर परिषद के पार्षदों ने प्रभारी मंत्री को सौंपा शिकायत पत्र, सीवर लाइन कार्यप्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल

नगर परिषद के पार्षदों ने प्रभारी मंत्री को सौंपा शिकायत पत्र, सीवर लाइन कार्यप्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल
संपादक: प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे, डिंडौरी 15 जुलाई 2026 – नगर परिषद क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने तथा डिंडौरी नगर में निर्माण कार्यों की दुर्दशा को लेकर अब जनप्रतिनिधियों का विरोध खुलकर सामने आने लगा है। नगर परिषद में चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी अनियमितताओं को लेकर कई पार्षदों ने प्रदेश की प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी को शिकायत पत्र सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई को जिले में संदीपनी विद्यालयों के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने आईं प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी से पार्षदों ने मुलाकात कर नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं की शिकायत की। शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है, जिससे भविष्य में नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
शिकायत में कहा गया है कि कई स्थानों पर सीवर पाइपों की गहराई और ढाल मानकों के विपरीत है, पाइपों की जॉइंटिंग सही तरीके से नहीं की जा रही है तथा सड़क खोदने के बाद उचित रेस्टोरेशन नहीं किया जा रहा। इसके कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ रही है और भू-जल प्रदूषण का भी खतरा उत्पन्न हो सकता है।
पार्षदों ने प्रभारी मंत्री से मांग की है कि करोड़ों रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना की किसी स्वतंत्र तकनीकी एजेंसी से जांच कराई जाए तथा दोषपूर्ण कार्यों को निर्माण एजेंसी के खर्च पर दोबारा कराया जाए।
अब देखना यह होगा कि पार्षदों की शिकायत पर जिला प्रशासन और शासन स्तर पर क्या कार्रवाई होती है तथा नगर परिषद में बढ़ते असंतोष का समाधान किस प्रकार निकाला जाता है।


