
जिला अस्पताल परिसर में क्रेन से हटाया गया विशाल सूखा पेड़ – लंबे समय से हो रही थी पेड़ कटवाने की मांग, मरीजों और परिजनों के लिए बना था खतरा
जिला अस्पताल परिसर में क्रेन से हटाया गया विशाल सूखा पेड़
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी 11 अगस्त 2026 – जिला अस्पताल डिंडोरी परिसर में वर्षों पुराना विशाल सूखा पेड़ आखिरकार क्रेन की मदद से काटकर हटा दिया गया। पेड़ के सूख जाने के बाद इसकी बड़ी-बड़ी शाखाएं कमजोर हो गई थीं और आए दिन शाखाओं के टूटकर गिरने का खतरा बना रहता था। अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की लगातार आवाजाही के चलते यह पेड़ सुरक्षा के लिहाज से चिंता का कारण बना हुआ था।
लंबे समय से की जा रही थी हटाने की मांग
अस्पताल परिसर में स्थित इस विशाल वृक्ष को हटाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। पेड़ पूरी तरह सूख चुका था और इसकी कई शाखाएं टूटकर आसपास गिर रही थीं। बारिश और तेज हवा के दौरान इसके गिरने की आशंका और बढ़ जाती थी।

क्रेन की मदद से घंटों चली कार्रवाई
पेड़ का आकार बड़ा होने और आसपास अस्पताल भवन, दुकानों तथा विद्युत तारों की मौजूदगी के कारण इसे हटाना चुनौतीपूर्ण था। अस्पताल प्रशासन, यातायात पुलिस और नगर परिषद के सहयोग से क्रेन की व्यवस्था कर पेड़ को सुरक्षित तरीके से काटने की कार्रवाई शुरू की गई। कर्मचारियों ने घंटों कड़ी मशक्कत करते हुए पेड़ की भारी शाखाओं और तने के हिस्सों को एक-एक कर काटकर हटाया।
संभावित हादसे का खतरा टला
कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ मौजूद रही। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया गया। पेड़ हटाए जाने के बाद अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। लंबे समय से खतरा बने इस सूखे पेड़ को हटाने से संभावित हादसे की आशंका भी टल गई।



