
हर घर तिरंगा अभियान के तहत मुख्यालय में निकली विशाल तिरंगा यात्रा

हर घर तिरंगा अभियान के तहत मुख्यालय में निकली विशाल तिरंगा यात्रा
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी, 12 अगस्त 2026 – देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के संदेश के साथ बुधवार को जिला मुख्यालय में जिला प्रशासन की ओर से “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ सुबह 7:30 बजे कलेक्टर कार्यालय परिसर से हुआ।
तिरंगा यात्रा बाइक रैली के रूप में निकाली गई, जो कलेक्टर कार्यालय परिसर से प्रारंभ होकर चंद्रविजय कॉलेज होते हुए पुनः कलेक्टर कार्यालय परिसर पहुंची। रैली में कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
तिरंगे के साथ हेलमेट पहनकर दिया यातायात नियमों का संदेश

रैली में शामिल लोगों ने अपनी-अपनी बाइक पर तिरंगा झंडा लगाया और हेलमेट पहनकर सहभागिता की। इस दौरान लोगों को यातायात नियमों के पालन का संदेश भी दिया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने हेलमेट पहनकर यह संदेश दिया कि राष्ट्रीय पर्वों एवं आयोजनों के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से “हर घर तिरंगा” अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।



