
जनसुनवाई – नामांतरण, कब्जा, वनाधिकार पट्टा, nh का मुआवजा, सहित कई प्रकरणों में कार्यवाही की मांग

संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 24 फरवरी, 2026 – कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया गया। जनसुनवाई के दौरान लगभग 75 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
राशि जमा करने के बाद भी नहीं हुआ नामांतरण और न ही मिला कब्जा
जनसुनवाई में ग्राम अमरपुर निवासी शादाब खान ने आवेदन देकर बताया कि उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा अझवार (डिण्डौरी) द्वारा आयोजित ई-नीलामी में खसरा क्रमांक 108/1 की भूमि/भवन 15 लाख 10 हजार रुपये में क्रय किया। संपूर्ण राशि जमा करने के बाद भी तीन माह बीत जाने पर न तो नामांतरण किया गया और न ही कब्जा दिलाया गया। आवेदक ने शीघ्र कब्जा दिलाने की मांग की है।
इसी क्रम में वनग्राम तांतर निवासी रविन्द्र कुमार मरावी ने स्व. दानी आजा के नाम से प्रदत्त वनभूमि पट्टे में अपना नाम दर्ज कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य पक्ष द्वारा अनुचित तरीके से नाम दर्ज कराया गया है। मामले की जांच कर उचित कार्यवाही की मांग की है।
जनसुनवाई में ग्राम करौंदी निवासी लक्ष्मण प्रसाद बनावल ने एनएच- 45 के निर्माण के दौरान अधिग्रहित मकान एवं संरचनाओं का मुआवजा अब तक न मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि जांच उपरांत भी प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
माँ गायत्री मछुआ सहकारी समिति बिछिया, जनपद पंचायत शहपुरा ने उमरिया जलाशय का दस वर्षीय मछली पालन पट्टा प्रदान करने की मांग की। ज्ञात हो कि समिति का पूर्व पट्टा 30 जून 2024 को समाप्त हो चुका है। आवेदन के बावजूद कृषि स्थायी समिति द्वारा अनुमोदन लंबित बताया गया है।
अन्य प्रकरणों में जनमन योजना के तहत लगाए जा रहे क्षतिग्रस्त सीमेंट पोल की जगह गुणवत्ता पूर्ण पोल लगाने, वंचित परिवारों का पुनः सर्वे करने,शासन की योजना अनुसार वनाधिकार पट्टा प्रदान करने के प्रकरण जन सुनवाई में प्राप्त हुए।
जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों पर कलेक्टर द्वारा संबंधित विभागों को जांच कर समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि प्रत्येक प्रकरण का विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जनसुनवाई में, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।



