
मेंहदवानी के सकरी टोला एवं घंघारी टोला में हैंडपंप खनन हेतु सर्वे प्रारंभ- मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंची थी खाली बर्तन लेकर महिलाएं

मेंहदवानी के सकरी टोला एवं घंघारी टोला में हैंडपंप खनन हेतु सर्वे प्रारंभ
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 09 अप्रैल,2026 – जिले में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान विकासखंड मेहंदवानी अंतर्गत ग्राम पंचायत चौबीसा के पोषक ग्राम सकरी टोला एवं घंघारी टोला की महिलाओं ने पेयजल समस्या को लेकर अनूठे तरीके से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाई थी। महिलाएं घड़े एवं पानी भरने के बर्तन लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और अपनी समस्या से अवगत कराया था।

कलेक्टर ने दिए थे तत्काल निराकरण के निर्देश
महिलाओं की इस पहल को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की गई। कलेक्टर के निर्देशानुसार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री एवं जनपद पंचायत मेहंदवानी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा मौके पर आवश्यक कार्यवाही की गई।
प्रशासनिक अमले ने सकरी टोला और घंघारी टोला में किया नवीन हैंडपंप स्थापना के लिए स्थल चयन
प्रशासनिक अमले ने सकरी टोला और घंघारी टोला पहुंचकर नवीन हैंडपंप स्थापना के लिए स्थल चयन एवं सर्वे का कार्य प्रारंभ कर दिया है। इस पहल से क्षेत्रवासियों में पेयजल समस्या के समाधान को लेकर उम्मीद जगी है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्यवाही की सराहना करते हुए जल्द ही समस्या के स्थायी समाधान की अपेक्षा जताई है।
इन्होंने कहा –
ग्रामीणों की मांग और कलेक्टर के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों की टीम ने ग्राम में हैंड पंप खनन की प्रक्रिया शुरू कर दी है शीघ्र ही पेयजल समस्या का समाधान किया जाएगा।
मो अफजल खान
मुख्य कार्यपालन यंत्री
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग


