
अवैध शराब के खिलाफ कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 101 लीटर अंग्रेजी शराब व बलेनो कार जब्त, एक आरोपी भी गिरफ्तार
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिण्डौरी 10 अप्रैल 2026 – जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली डिण्डौरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर 101.880 लीटर अंग्रेजी शराब, एक बलेनो कार, दो मोबाइल फोन और नगदी सहित कुल 12,26,588 रुपये का मशरूका जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल से प्राप्त दिशा-निर्देशों के पालन में की गई। पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी वाहनी सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा एवं एसडीओपी डिण्डौरी सतीष द्विवेदी के निर्देशन में जिले में अवैध नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली डिण्डौरी पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई।
मुखबिर की सूचना पर की गई घेरा बंदी, एक गिरफ्तार
दिनांक 09 अप्रैल 2026 से 10 अप्रैल 2026 की मध्य रात्रि को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सिल्वर रंग की बलेनो कार क्रमांक MP 20 ZZ 3373 में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जबलपुर रोड से डिण्डौरी की ओर लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मस्जिद मोहल्ला डिण्डौरी में घेराबंदी की।पुलिस की सतर्कता से वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। मौके से आरोपी अर्पित चौकसे (21 वर्ष) पिता संतोष चौकसे, निवासी ग्राम कछराटोला, थाना करनपठार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने किया आरोपियों से लाखों रुपए का मशरूका जप्त
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से जप्त की गई सामग्री में —सिल्वर रंग की बलेनो कार (MP 20 ZZ 3373) – कीमत लगभग ₹10,00,000 दो मोबाइल फोन – कीमत लगभग ₹1,30,000 नगद राशि – ₹1,700,, 12 पेटी अंग्रेजी शराब (कुल 101.880 लीटर) – कीमत लगभग ₹94,888 कुल जब्त मशरूका: ₹12,26,588 बताया गया है।
पुलिस कर रही आरोपी से पूछताछ
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह शराब किसके लिए और कहां से लेकर आ रहा था तथा इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों में—सउनि दिलीप झारिया,,प्रधान आरक्षक देवेन्द्र पटले,हनुमान सिंह,दिलीप पटेल,आरक्षक श्याम तिवारी,सतेन्द्र डहरिया,विशाल पटेल,प्रवेश पटेल,दिलीप सनोडिया,अवशीष पटेल ,आशीष घरडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जारी रहेगा अवैध नशे के खिलाफ अभियान- SP
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

