
किकरा तालाब में भीषण सड़क हादसा – 5 की मौत 1 घायल,- मौके पर पहुंचकर कलेक्टर ने बंधाया परिजनों को ढाढस
मौके पर पहुंचकर कलेक्टर ने बंधाया परिजनों को ढाढस
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 12 अप्रैल 2026- डिंडोरी जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर गाड़ासरई थाना क्षेत्र के किकरातालाब गांव के पास देर रात तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन (टैंकर)ने पिकअप वाहन के पास खड़े ग्रामीणों को कुचल दिया। इस हादसे में मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया है जहां उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 1 बजे ग्रामीण पिकअप वाहन में सवार होकर अपने गांव परसवाह लौट रहे थे। इसी दौरान किकरातालाब के पास वाहन का टायर पंचर हो गया। चालक टायर बदल रहा था और अन्य लोग सड़क किनारे खड़े थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने अनियंत्रित होकर सभी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि चालक समेत पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं एक घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की वजह ड्राइवर को नींद आना बताया जा रहा है ।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

परिजनों से मिली कलेक्टर, तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश
जिले के अंतर्गत किकरा तालाब भीषण सड़क हादसे की सूचना मिलते ही जिले की संवेदनशील कलेक्टर घटना स्थल पर पहुंची और परिजनों से मुलाकात करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया,साथ ही मौजूद अधिकारियों को सभी जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।



