नर्मदा स्वच्छता को मिली रही नई दिशा, डिंडौरी में जनआंदोलन बन रहा मैया अभियान

Listen to this article

डिंडौरी में जनआंदोलन बन रहा मैया अभियान

संपादक प्रकाश मिश्रा 

जनपथ टुडे डिंडौरी : 26 अप्रैल,2026 – मध्यप्रदेश की जीवनरेखा मां नर्मदा की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे प्रयास अब जनआंदोलन का रूप लेते जा रहे हैं। “जल गंगा संवर्धन अभियान” एवं “मैया अभियान” के तहत प्रत्येक रविवार को नर्मदा घाटों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिससे नदी की स्वच्छता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में नगर पालिका, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग, आयुष विभाग, व्यापारी संघ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और स्वयंसेवी संगठन सक्रिय रूप से इस अभियान में भाग ले रहे हैं। सभी मिलकर घाटों पर श्रमदान कर सफाई कार्य करते हुए समाज को स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं।

अभियान के चलते नर्मदा के घाटों और जल की स्थिति पहले की तुलना में अधिक साफ-सुथरी नजर आने लगी है। घाटों से कचरा हटाकर न केवल स्वच्छता सुनिश्चित की जा रही है, बल्कि आमजन को भी नदी को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

मैया अभियान के दौरान  प्रशासन द्वारा लोगों से अपील की जा रही है कि वे नर्मदा नदी में साबुन, डिटर्जेंट और अन्य अपशिष्ट पदार्थों का उपयोग न करें तथा घाटों पर स्वच्छता नियमों का पालन करें।

“जल गंगा संवर्धन अभियान” के माध्यम से नर्मदा सहित अन्य जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनजागरूकता बढ़ाना और जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना है।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि मां नर्मदा नदी जिसकी हम श्रद्धा के साथ पूजा.अर्चना करते हैं उसे स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने सभी नागरिकों से आगे आकर सामूहिक रूप से मां नर्मदा को स्वच्छ बनाए रखने में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

डिंडौरी जिले की यह पहल प्रशासन और जनता के समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रही है, जो न केवल स्थानीय स्तर पर सकारात्मक बदलाव ला रही है, बल्कि अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत साबित हो रही है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000