
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न- स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 09 मई,2026- कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 01 अप्रैल 2026 से 07 मई 2026 तक स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान एएनसी पंजीयन, सीवियर एनीमिया, पीआईएच प्रबंधन, टीकाकरण, पोषण पुनर्वास केन्द्र, आयुष्मान कार्ड, मातृ एवं शिशु मृत्यु, सिकल सेल एनीमिया तथा टीबी कार्यक्रम की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
सीएचओ एवं एएनएम का कटेगा पांच दिवस का वेतन
एएनसी पंजीयन की उपलब्धि कम पाए जाने पर उप स्वास्थ्य केन्द्र चुरिया, सरई, बिछिया, जमगांव, सैलवार, बम्हनी, जाताडोंगरी, झगरहटा एवं बढ़ईगढ़ की सीएचओ एवं एएनएम का पांच दिवस का वेतन काटने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए।
टीबी नोटिफिकेशन, स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे उपलब्धि कम होने पर जिला समन्वयक तथा एसटीएलएस/एसटीएस को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। समस्त बीपीएम एवं बीसीएम को विकासखण्ड स्तर पर सभी कार्यक्रमों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बीएमओ एवं बीपीएम को नोटिस जारी करने के निर्देश
एनआरसी में बच्चों की कम भर्ती होने पर खण्ड चिकित्सा अधिकारी अमरपुर एवं समनापुर का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों की पोर्टल एंट्री कम पाए जाने पर समस्त बीएमओ एवं बीपीएम को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुपस्थित रहने पर एम एंड ई एनएचएम को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने समस्त जिला नोडल अधिकारियों, बीएमओ एवं बीपीएम को विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की शत-प्रतिशत पोर्टल एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही पाए जाने पर विभागीय कार्यवाही की जाएगी।


