
नर्मदा तट में आयोजित हुआ आरोह ग्रीष्मकालीन समर कैम्प” – बड़ी संख्या में बच्चों ने की भागीदारी
नर्मदा तट में आयोजित हुआ आरोह ग्रीष्मकालीन समर कैम्प” – बड़ी संख्या में बच्चों ने की भागीदारी
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 10 मई2026 — डिंडोरी जिला मुख्यालय के पुल घाट में आज ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस “आरोह ग्रीष्मकालीन समर कैम्प” में बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में एरोबिक जुम्बा, योगा और स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में बच्चे शामिल हुए।
रविवार को सुबह से ही पुल घाट परिसर में बच्चों की चहल-पहल देखने को मिली। प्रशिक्षकों की मौजूदगी में बच्चों ने योगाभ्यास किया और एरोबिक जुम्बा के जरिए फिटनेस का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, आत्मसुरक्षा के प्रति प्रेरित करना तथा नर्मदा नदी के संरक्षण और साफ-सफाई के महत्व से अवगत कराना रहा। आयोजन के दौरान बच्चों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। अधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार “आरोह ग्रीष्मकालीन समर कैम्प” के तहत 5 मई से 5 जून तक प्रत्येक रविवार को बच्चों के लिए विभिन्न खेल, योग और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि बच्चों को गर्मी की छुट्टियों में सीखने और स्वस्थ रहने का बेहतर अवसर मिल सके।



