
एनएच पीडब्ल्यूडी की लापरवाही: सड़क सुरक्षा के लिए स्वयं सड़क पर उतरे एसडीएम
✍️ उपसंपादक मोहम्मद साहिब
जनपथ टुडे डिंडौरी 25 मई 2026:— शहपुरा से कुंडम मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क की बदहाली और सुरक्षा मानकों की अनदेखी एक गंभीर खतरा बनते जा रहा है, एनएच पीडब्ल्यूडी विभाग की उदासीनता के चलते अधूरी सड़क पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगा है और न ही सुरक्षा के लिए बैरिकेड्स की व्यवस्था की गई है, जिससे राहगीर निरंतर दुर्घटनाओं के साये में सफर करने को मजबूर हैं और कर भी रहे है।

सुरक्षा के प्रति बरती जा रही गंभीर लापरवाही
सूत्रों के अनुसार, सड़क सुरक्षा से जुड़ा यह मामला जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भी प्रमुखता से उठाया गया था। जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की शिकायतों के बावजूद विभाग के कान पर जूं तक नहीं रेंगी और सुरक्षा के इंतजाम केवल कागजों तक ही सीमित रहे। मानकों की इस अनदेखी के कारण मार्ग पर कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
एसडीएम की तत्परता ने बचाई लोगों की जान
आज जब शहपुरा एसडीएम अपने क्षेत्र के भ्रमण से वापस लौट रहे थे, तो उन्होंने अधूरी सड़क और वहां व्याप्त खतरों को स्वयं देखा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने तुरंत अपना वाहन रुकवाया। विभाग के भरोसे न बैठकर, एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से अस्थायी बैरिकेड्स लगवाए, ताकि वाहन चालकों को सड़क की स्थिति का आभास हो सके और किसी अनहोनी को होने से टाला जा सके।
जिम्मेदारों पर उठ रहे सवाल
आम जनता में एनएच पीडब्ल्यूडी विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या अब भी विभाग अपनी जिम्मेदारी को समझेगा?




