
संबल 2.0 योजना : डिंडौरी जिले के 156 हितग्राहियों को मिली 3.22 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता राशि

मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से जारी की सहायता राशि,
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी 01 जुलाई,2026 – मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी जिले से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेशभर के हितग्राहियों को अनुग्रह सहायता राशि का वितरण किया। इस क्रम में डिंडौरी जिले के 156 हितग्राहियों को कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। जिले में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला एनआईसी वीसी रूम से किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने कार्यक्रम का अवलोकन किया।
योजना अंतर्गत जनपद पंचायत बजाग के 14 हितग्राहियों को 28 लाख रूपए, जनपद पंचायत डिंडौरी के 12 हितग्राहियों को 24 लाख, जनपद पंचायत करंजिया के 34 हितग्राहियों को 70 लाख, जनपद पंचायत समनापुर के 31 हितग्राहियों को 64 लाख, जनपद पंचायत अमरपुर के 30 हितग्राहियों को 62 लाख, जनपद पंचायत मेंहदवानी के 13 हितग्राहियों को 28 लाख, जनपद पंचायत शहपुरा के 15 हितग्राहियों को 32 लाख, नगर परिषद डिंडौरी के 3 हितग्राहियों को 6 लाख रुपये तथा नगर परिषद शहपुरा के 4 हितग्राहियों को 8 लाख रूपए अनुग्रह सहायता राशि का लाभ मिला।
कार्यक्रम के दौरान शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने वीसी रूम में उपस्थित हितग्राहियों से आत्मीय चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब एवं असंगठित श्रमिक परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार की समस्या आने पर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इस अवसर पर डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, जनपद अध्यक्ष डिंडौरी श्रीमती आशा सिंह, सांसद प्रतिनिधि सुधीरदत्त तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत, पूर्व अध्यक्ष श्रीमती देववती वालरे, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ संबल योजना के हितग्राही एवं आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संबल 2.0 योजना कठिन समय में उनके परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक सहायता और संबल साबित हो रही है।



