
अतिथि शिक्षक भर्ती में देरी: जिला अध्यक्ष इमरान मलिक के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन
✍️ उपसंपादक मोहम्मद साहिब
डिंडोरी जिले में अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में हो रही अत्यधिक देरी के विरोध में अतिथि शिक्षक मंडल ने जिला प्रशासन से मुलाकात की। यह प्रतिनिधि मंडल जिला अध्यक्ष इमरान मलिक के नेतृत्व में पहुँचा।
जनपथ टुडे डिंडोरी 09 जुलाई:- डिंडोरी जिले में अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में हो रही मनमानी और अत्यधिक देरी को लेकर अतिथि शिक्षक संघ ने मोर्चा खोल दिया है, आज दिनांक 9 जुलाई को जिला अध्यक्ष इमरान मलिक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने सहायक आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर संस्था प्रमुखों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
भर्ती में लापरवाही का आरोप
जिला अध्यक्ष इमरान मलिक ने बताया कि आयुक्त, भोपाल द्वारा जनजाति कार्य विभाग के अंतर्गत अतिथि शिक्षकों की भर्ती के लिए 4 जुलाई 2026 को ही स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए थे इसके बावजूद, डिंडोरी जिले में संस्था प्रमुखों द्वारा भर्ती प्रक्रिया में अनावश्यक देरी की जा रही है।
छात्रों के भविष्य से खिलवाड़
ज्ञापन में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि इस लेटलतीफी का सीधा असर जिले के छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। शिक्षकों के अभाव में अधिकांश कालखंड खाली रह रहे हैं, जिससे पाठ्यक्रम पिछड़ता जा रहा है। जिला अध्यक्ष ने कहा, जब शासन स्तर से स्पष्ट आदेश जारी हो चुके हैं, तो संस्था प्रमुखों को भर्ती में क्या समस्या आ रही है? यदि पद रिक्त हैं, तो उन्हें तत्काल प्रभाव से संबंधित शिक्षकों को बुलाकर अध्यापन कार्य शुरू कराना चाहिए।
प्रशासनिक प्रक्रिया में तत्परता की आवश्यकता
इमरान मलिक ने कहा कि अन्य जिलों में स्थानीय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है, उसी प्रकार डिंडोरी जिले में भी इसे प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सहायक आयुक्त महोदय इस मामले को गंभीरता से लेंगे और संस्था प्रमुखों को समय-सीमा के भीतर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश देंगे, ताकि विद्यालयों में पठन-पाठन सुचारू रूप से संचालित हो सके।।
प्रतिनिधि मंडल की चेतावनी
अतिथि शिक्षक संघ ने चेताया है कि यदि जिला प्रशासन ने अविलंब संज्ञान लेकर अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं की, तो उन्हें मजबूरन अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी के सदस्य जगमोहन तिवारी, आनंद कटारिया, तारेंद्र पाराशर और विभा ठाकुर सहित अनेक अतिथि शिक्षक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।



