
वार्ड की उपेक्षा से आहत पार्षद सरस्वती हरिहर पाराशर ने दिया इस्तीफा- विकास कार्य नहीं होने और जनसमस्याओं के समाधान में विफलता को बताया कारण
विकास कार्य नहीं होने और जनसमस्याओं के समाधान में विफलता को बताया कारण
संपादक: प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे, डिंडोरी 15 जुलाई 2026- नगर परिषद डिंडोरी के वार्ड क्रमांक 15 की निर्वाचित पार्षद सरस्वती हरिहर पाराशर ने विगत दिवस अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष को संबोधित पत्र में वार्ड की लगातार उपेक्षा, विकास कार्यों के अभाव तथा जनता की मूलभूत समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होने को इस्तीफे का प्रमुख कारण बताया है।
त्यागपत्र में पार्षद ने उल्लेख किया है कि उन्होंने समय-समय पर वार्ड की प्रमुख समस्याओं और आवश्यक विकास कार्यों को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा नगर परिषद की बैठकों में कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से मांग रखी, लेकिन लगातार प्रयासों के बावजूद धरातल पर कोई अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सका।
उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में वे अपने वार्ड की जनता के प्रति नैतिक एवं शासकीय दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने में स्वयं को असमर्थ महसूस कर रही हैं। जब जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान ही नहीं हो पा रहा है, तब पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं रह जाता।
इसी नैतिक आधार पर उन्होंने नगर परिषद डिंडोरी के वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद पद से अपना त्यागपत्र तत्काल प्रभाव से स्वीकार करने तथा मध्य प्रदेश नगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
बताया जाता है कि त्यागपत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) डिंडोरी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर परिषद डिंडोरी को भी प्रेषित की गई है।
अब नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा त्यागपत्र स्वीकार किए जाने और आगे की वैधानिक प्रक्रिया पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।



